पाकिस्तान में राष्ट्रीय आपातकाल का ऐलान
पाकिस्तान ने टिड्डी दल के हमले के कारण राष्ट्रीय आपातकाल का ऐलान किया है। पाकिस्तान में ही नहीं भारत के भी कुछ राज्य टिड्डी दल के निशाने पर हैं। हजारों की संख्या में आ रही टिड्डियां करोड़ों रुपये की फसल को कुछ घंटों में ही बर्बाद कर देती हैं।
भारत के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान ने टिड्डी दल के हमले के कारण राष्ट्रीय आपातकाल का ऐलान किया है। टिड्डी दल बड़े पैमाने पर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं जिससे खाद्य असुरक्षा की आशंका बढ़ जाती है। पाकिस्तान के मंत्री के मुताबिक, "पिछले दो दशकों में हम टिड्डी दल के गंभीर हमलों का सामना कर रहे हैं। हमने इस खतरे से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करने का फैसला किया है।"
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने टिड्डी दल के हमले से निपटने को लेकर नेशनल एक्शन प्लान को मंजूरी दी है। दूसरी तरफ पाकिस्तान की संसद में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मंत्री ने कहा, "टिड्डियों का हमला अभूतपूर्व और चिंताजनक है।" उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों की वजह से अधिकारियों को टिड्डियों से निपटने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ रहा है। ईरान से उड़कर जून में पाकिस्तान आई टिड्डियों ने भारी पैमाने पर कृषि क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया है।
पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिम जिलों में कपास, गेहूं, मक्का समेत अन्य फसलों को टिड्डी नुकसान पहुंचा चुकी है. टिड्डी दल सिंध से उड़कर खैबर पख्तूनख्वाह तक पहुंच गया है. अधिकारियों की सुस्त प्रतिक्रिया और अनुकूल मौसम ने टिड्डियों को प्रजनन का मौका दे दिया है जिसके कारण है कि वे रेगिस्तानी इलाकों से फसलों और आस-पास के शहरों पर हमला कर रही हैं।
पाकिस्तान से आ रहे टिड्डी दल भारतीय राज्य राजस्थान, पंजाब और गुजरात के कुछ जिलों में भी फसलों को नुकसान पहुंचा चुके हैं। राजस्थान के पश्चिमी जिलों में इन टिड्डी दलों के कारण करोड़ों रुपये की फसल के नुकसान के बाद अब राजस्थान सरकार ने नुकसान की रिपोर्ट कृषि विभाग से मांगी है। दूसरी ओर पंजाब में भी टिड्डी दल को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। पंजाब के फाजिल्का में टिड्डियों के आने के बाद कृषि विभाग ने इन्हें स्प्रे कर भगाने की कोशिश की. गुजरात में भी दिसंबर महीने में टिड्डियों का हमला हुआ था जिसमें दो जिलों के 25 हजार हेक्टेयर की फसल तबाह हो गई थी।
गुजरात सरकार ने प्रभावित किसानों को 31 करोड़ रुपये मुआवजे का ऐलान भी किया है। टिड्डी एक दिन में 150 किलोमीटर तक उड़ने की क्षमता रखती है। ये एक दिन में अपने वजन के बराबर अनाज खा सकती है। हालांकि भारत ने एहतियाती कदम उठाते हुए सही समय पर दवा का छिड़काव किया जिससे नुकसान को कम से कम किया जा सके।
